रायपुर। प्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रदेश के सौ से ज्यादा नगरीय निकायों में अटल परिसर बनाए हैं। अब इन परिसरों का राजधानी रायपुर से 25 दिसंबर को एक साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय फुंडहर से लोकार्पण करेंगे। यहां पर नगर निगम रायपुर का अटल परिसर बनाया गया है। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम और नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव भी रहेंगे। इसी के साथ प्रदेश के कुछ मंत्री रायपुर के सांसद, विधायक और महापौर भी रहेंगी।
प्रदेश की भाजपा सरकार और भाजपा नेता यह बात लगातार कहते हैं कि छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाने का काम स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। इसी के साथ भाजपा ने नारा भी दिया है हमने बनाया है हम ही संवारेंगे। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद नगरीय निकाय विभाग ने प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में अटल परिसर का निर्माण करवाने का काम किया है। अब इन परिसरों का एक साथ लोकार्पण कराने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए राजधानी रायपुर में ही बड़ा कार्यक्रम किया जा रहा है। यहां पर फुंडहर के अटल परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव एक साथ प्रदेश के सभी अटल परिसरों का लोकार्पण करेंगे।
प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में अटल परिसर बनाए गए हैं। सबसे ज्यादा दुर्ग संभाग में 31 अटल परिसर बनाए गए हैं। इसमें दुर्ग, मिलाई, रिसाली, भिलाई चरौदा के नगर निगमों के साथ संभाग की नगर पालिकाओं और नगर पंचायतें भी शामिल हैं। रायपुर संभाग में 25 अटल परिसर बनाए गए हैं। इसमें रायपुर और बिरगांव नगर निगम के साथ ही धमतरी, महासमुंद सहित सभी नगर पालिकाएं और नगर पंचायतें शामिल हैं। बिलासपुर संभाग में बिलासपुर और रायगढ़ नगर निगम के साथ नगर पालिकाएं और नगर नगर पंचायतों को मिलाकर 18 अटल परिसर बने हैं। इसी तरह से बस्तर में 22 और सरगुजा संभाग में 19 नगरीय निकायों में अटल परिसर बनाए गए हैं।
नगर निगम जोन 10 कमिश्नरी द्वारा फुंडहर चौक में 50 लाख रुपए की लागत से देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेई की कांस्य से निर्मित एक टन से ज्यादा वजन की प्रतिमा लगाई गई है। पाटन थनौद के मूर्तिकार द्वारा निर्मित इस प्रतिमा का लोकार्पण जल्द होगा। 500 वर्गफीट में विकसित इस परिसर को अटल परिसर का नाम दिया गया है। जोन 10 कमिश्नर विवेकानंद दुबे ने बताया कि अटल परिसर में एक सुंदर बगीचा विकसित कर उसे हरा-भरा बनाया गया है। परिसर में प्रकाश व्यवस्था के लिए आकर्षक लाइटें लगवाई गई हैं।
Author: cg24x7




