धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव) के अवसर पर एकलव्य खेल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धमतरी पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों से हुई, जिसने पूरे समारोह के वातावरण को देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत कर दिया।
राज्योत्सव में एसपी सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन में धमतरी पुलिस ने जनजागरूकता के लिए एक विशेष प्रदर्शनी स्टॉल लगाया गया, जिसमें नक्सल विरोधी अभियान, नक्सली सदस्यों के पुनर्वास नीति, सायबर सुरक्षा जागरूकता और यातायात नियमों से संबंधित जानकारी आम नागरिकों को दी गई।
अतिथियों ने पुलिस के जनजागरूकता स्टॉल की सहराना
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व पंचायत मंत्री एवं विधायक कुरूद अजय चंद्राकर सहित अन्य अतिथियों ने धमतरी पुलिस के जनजागरूकता स्टॉल का भ्रमण किया। उन्होंने नक्सल विरोधी अभियान, नक्सली पुनर्वास नीति, सायबर सुरक्षा, यातायात नियमों तथा हथियारों की प्रदर्शनी से संबंधित पोस्टर एवं जानकारी का अवलोकन किया तथा धमतरी पुलिस के जनजागरूकता प्रयासों की प्रशंसा की।
स्टॉल पर कई विषयों की दी गई
- यातायात नियमों के उल्लंघन पर कानूनी प्रावधान
- सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हेतु सुझाव
- हाईवे पेट्रोलिंग टीम द्वारा घायलों की त्वरित सहायता
- नशे में वाहन चलाने के दुष्परिणाम
- सायबर ठगी और सोशल मीडिया सुरक्षा के उपाय
- प्रदर्शनी में पोस्टर, बैनर, मॉडल एवं डेमो के माध्यम से जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमावली, सायबर जागरूकता एवं नशा मुक्ति अभियान से संबंधित पाम्पलेट का वितरण कर आमजन को जागरूक किया गया।
“सेल्फी विथ मी” जोन बना आकर्षण का केंद्र
मुख्य अतिथि और अधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक “सेल्फी विथ मी” जोन में पहुंचकर पुलिस जवानों के साथ सेल्फी लेकर सहभागिता दर्ज की, जो राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा। धमतरी पुलिस द्वारा स्थापित “सेल्फी विथ मी” एवं कट-आउट फोटो जोन राज्योत्सव का मुख्य आकर्षण रहा। बड़ी संख्या में नागरिकों, बच्चों एवं युवाओं ने पुलिस जवानों के साथ सेल्फी लेकर राज्योत्सव की यादें संजोईं। स्टॉल पर हर वर्ग के आगंतुकों का उत्साह देखते ही बनता था।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर कलेक्टर अभिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, डीएफओ कृष्ण जाधव, पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Author: cg24x7




