रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आज फिर से जनदर्शन आयोजित की गई। सीएम साय ने कहा, जनदर्शन में जनता की समस्याएं सुनना और उन्हें तत्काल समाधान देना मेरा कर्तव्य है। यह सीधे संवाद का माध्यम है, जिसमें मैं जनता के दिल से जुड़ता हूँ और उनके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करता हूँ। आपकी जरूरतों को समझना और समाधान में जुटना ही तो मेरा प्रथम दायित्व है।
रायपुर जिले के अभनपुर से आए दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू की मांग पर मुख्यमंत्री ने त्वरित निर्णय लेते हुए 90 हजार रुपए का आर्थिक अनुदान स्वीकृत किया। खिलाड़ी पिंटू राम साहू ने व्हीलचेयर और आवश्यक खेल सामग्री खरीदने हेतु सहायता मांगी थी। उनकी परिस्थितियों और आवश्यकता को समझते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल चेक प्रदान कर उनकी सहायता की। आवेदक पिंटू राम साहू ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से खेल जगत से जुड़े हुए हैं।
खेल में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत करेंगे
उन्होंने 2 अक्टूबर 2025 को पहली बार रग्बी खेलने के लिए ग्वालियर का दौरा किया था। खिलाड़ी पिंटू राम साहू वर्तमान में बी.ए. फाइनल ईयर के छात्र हैं और दिव्यांगता के बावजूद लगातार खेल में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री द्वारा आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर साहू ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब वे खेल में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत करेंगे और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
Author: cg24x7




