धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए जिला प्रशासन बड़ी पहल की है । बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक कार्यक्रम के तहत निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रतियोगी परीक्षाओं के मार्गदर्शन के लिए तैयार युवा पुस्तक का भी विमोचन किया गया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इसे युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि, आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभा की सफलता में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।
मेधावी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना- उद्देश्य
कलेक्टर ने कहा कि, इस पहल का उद्देश्य ऐसे मेधावी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, जो महंगी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर सकते। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और सही रणनीति के साथ तैयारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत बेसिक फाउंडेशन ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की कुंजी है।
विशेष मॉनिटरिंग की सुविधा
युवा प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की अध्ययन सामग्री और पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। नियमित टेस्ट सीरीज, प्रदर्शन की सतत समीक्षा और कमियों को दूर करने के लिए विशेष मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि अभ्यर्थियों की तैयारी अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख हो सके।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर, महाविद्यालय के प्राचार्य विनोद पाठक, उप संचालक पंचायत नकुल वर्मा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू, सहायक संचालक कौशल विकास शैलेंद्र गुप्ता, प्रशिक्षक अविनाश कुमार, महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जिले के सैकड़ों युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और सरकारी सेवाओं में चयन का उनका सपना साकार होने की दिशा में मजबूत आधार तैयार होगा।
Author: cg24x7




