IND vs WI Test । टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों से हरा दिया है। मैच में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज फ्लॉप रहे हैं। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
वेस्टइंडीज के लिए पहली पारी में बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। टीम की शुरुआत ही खराब रही, जब तेगनारायण चंद्रपॉल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। विंडीज के लिए जस्टिन ग्रीव्स ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। उनकी वजह से ही टीम 100 रनों के पार पहुंचने में सफल रही। मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट हासिल किए। कुलदीप यादव ने दो विकेट चटकाए।
भारतीय टीम के लिए ओपनर केएल राहुल (100 रन), ध्रुव जुरेल (125 रन) और रवींद्र जडेजा (104 रन) ने शतक लगाए। शुभमन गिल ने 50 रन बनाए। वहीं यशस्वी जायसवाल भी अच्छे टच में नजर आ रहे थे, लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच सके। उन्होंने 36 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही भारतीय टीम पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 448 रन बना सकी। वेस्टइंडीज के लिए रोस्टन चेज ने दो विकेट हासिल किए।
Author: cg24x7




