ट्राइबल अल्पाइन एक्सपीडिशन 2025, सीएम साय ने पर्वतारोहियों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार जशपुर जिले के बगिया स्थित सीएम कैंप कार्यालय में ट्राइबल अल्पाइन एक्सपीडिशन हिमालय 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले पर्वतारोहियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं की साहस, अनुशासन और अदम्य इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए कहा कि, जशपुर के युवाओं ने यह साबित किया है- यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।

जशपुर जिले के इन पर्वतारोहियों ने हिमाचल प्रदेश की दुहांगन वैली में आयोजित अभियान में 5350 मीटर की ऊंचाई तक सफल आरोहण किया। अभियान के दौरान दल ने ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और आइस क्लाइंबिंग जैसी कठिन और रोमांचक गतिविधियों में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि से न केवल जशपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति नया उत्साह और जागरूकता पैदा हुई है।

दल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री और प्रशासन के प्रति किया आभार व्यक्त
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- ‘ऐसे अभियानों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामूहिक भावना का विकास होता है।’ उन्होंने दल के सदस्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आने वाली पीढ़ी के लिए रोल मॉडल बनें। यह दल जिला प्रशासन जशपुर के सहयोग से सितंबर माह में रवाना हुआ था। हिमालय के कठिन और ठंडे वातावरण में युवाओं ने कठिन परिस्थितियों में धैर्य और टीम भावना का परिचय दिया। दल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन के सहयोग से ही उन्हें हिमालय जैसी चुनौतीपूर्ण यात्रा का हिस्सा बनने का अवसर मिला।

छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां दी
‘जनजातीय हिमालय पर्वतारोहण अभियान 2025’ की शुरुआत जशपुर में एक स्थानीय प्रशिक्षण पहल के रूप में हुई थी। यह पहल आज सामूहिक सहयोग और समर्पण से राज्य स्तर की सशक्त उपलब्धि बन चुकी है। इस अभियान ने न केवल जशपुर के युवाओं में रोमांच और आत्मविश्वास की भावना जगाई है, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयां दी हैं।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज