बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक महिला ने अपने ही बेटे के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर मोटरसाइकिल से 12 किलोमीटर दूर जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा 24 घंटे के भीतर करते हुए मां-बेटे दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र का हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह गुरामी गांव के जंगल में ग्रामीणों ने एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव देखा। शव के पास खून के निशान और संघर्ष के संकेत दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना डौंडीलोहारा थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम और फॉरेंसिक यूनिट मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच के बाद मृतक की पहचान 45 वर्षीय भूषण नेताम, पिता लैनूराम नेताम, निवासी अरजपुरी थाना मनचुवा के रूप में की गई। शुरुआती जांच में हत्या की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई, लेकिन जब पुलिस ने मृतक के पारिवारिक संबंधों की छानबीन की। तो शक की सुई परिवार के सदस्यों की ओर घूम गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी और बेटे से सख्ती से पूछताछ की, इसकेे बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
बेटे के अपराध छुपाने में मां ने दिया साथ
आरोपी बेटे लीलेश कुमार नेताम ने बताया कि, घटना वाले दिन वह और उसके पिता दोनों शराब पी रहे थे। नशे की हालत में बाप-बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि, गुस्से में आकर बेटे ने पास में रखे लोहे के धारदार बसूले से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद मां 44 वर्षीय सकुल बाई नेताम ने बेटे के अपराध को छुपाने में उसका साथ दिया। दोनों ने मिलकर शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर घर से करीब 12 किलोमीटर दूर गुरामी के जंगल में मोटरसाइकिल से ले जाकर फेंक दिया। इसके बाद दोनों ऐसे व्यवहार करने लगे मानो कुछ हुआ ही न हो।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान जब मृतक की अंतिम गतिविधियों और मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया, तो शक पुख्ता हो गया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार बसूला, मोटरसाइकिल, और प्लास्टिक की बोरी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Author: cg24x7




