नई दिल्ली। देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के मूल्यों को आत्मसात करने की अपील की।
पहली बार पूरी परेड का नेतृत्व महिला अफसरों ने किया। परेड में BSF, CRPF, CISF, ITBP सहित अन्य सुरक्षा बलों की 16 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। वीरता का प्रदर्शन करने वाले BSF के 16 पदक विजेता और CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता भी इस परेड का हिस्सा बने। 100 सदस्यों की हेराल्डिंग टीम ने परेड की अगुवाई की, जबकि 9 बैंड टुकड़ियों और 4 स्कूल बैंड्स ने अपने संगीत से माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
ये झांकियां रही शामिल
गणतंत्र दिवस की तरह इस परेड में भी 10 शानदार राज्य और संस्थानिक झांकियां प्रदर्शित की गईं। इनमें NDRF, NSG, जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड की झांकियां शामिल थीं, जिन्होंने देश की विविधता और एकता का सुंदर संगम दिखाया। वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने अपने रोमांचक फ्लाई पास्ट से कार्यक्रम में जोश भर दिया। वहीं, NSG का हेल मार्च, CRPF और गुजरात पुलिस की महिला विंग की राइफल ड्रिल, BSF का डॉग शो और असम पुलिस का मोटरसाइकिल स्टंट शो कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण बने।
डैम व्यू पॉइंट-1 पर दो राज्यों की होंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि, 1 से 15 नवंबर 2025 तक एकता नगर में भारत पर्व का आयोजन होगा। इस दौरान देश की सांस्कृतिक विविधता, परंपरा और एकता की भावना को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम आयोजित होंगे। हर शाम डैम व्यू पॉइंट-1 पर दो राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनसे देश की समृद्ध विरासत को जीवंत रूप में देखा जा सकेगा।
Author: cg24x7




