दिल्ली में लाल किले के पास कार में तेज धमाका, कई वाहन जलकर खाक

दिल्ली। दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम एक कार में हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के बाहर हुआ, जहां अचानक आग लगने से तीन अन्य गाड़ियां भी चपेट में आ गईं। धमाके के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और पुलिस ने इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया।

दिल्ली फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, धमाके की सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कई वाहन जलकर खाक हो चुके हैं। अब टीम मौके पर जांच और साक्ष्य एकत्र करने में जुटी है।

धमाके की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, एनआईए और एनएसजी की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। जांच की जा रही है कि कार के अंदर विस्फोटक सामग्री रखी गई थी या तकनीकी खराबी के चलते धमाका हुआ। पुलिस ने अभी तक किसी भी हताहत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, हालांकि सूत्रों के मुताबिक कई लोग घायल हुए हैं।

लाल किले के आसपास का इलाका काफी भीड़भाड़ वाला माना जाता है। इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। ट्रैफिक मूवमेंट फिलहाल लाल किला मेट्रो स्टेशन के आसपास पूरी तरह बंद कर दिया गया है।गृह मंत्रालय ने भी इस घटना पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जांच रिपोर्ट तलब की है। शुरुआती जांच में धमाके के बाद लगी आग को “संभावित विस्फोट” का परिणाम बताया जा रहा है, लेकिन अभी आधिकारिक पुष्टि बाकी है।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज