बीजापुर। नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा एजेंसियों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल कुख्यात नक्सली कमांडर हिड़मा की मौत के बाद नक्सल संगठन को लगातार झटके लग रहे हैं। वहीं अब आंध्रप्रदेश में हुए मुठभेड़ में माओवादियों के महा सचिव टिपरती तिरुपति उर्फ देव जी, अल्लूरी -भद्राद्री मंडल सचिव आज़ाद भी ढेर हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक आंध्रप्रदेश के इंटेलीजेंस एडीजी महेश चंद्र लड्डा ने इस मामले की पुष्टि की है। इसके साथ ही मुठभेड़ में 7 माओवादियों के मारे जाने की खबर मिली है। बता दें कि सुकमा के जिस इलाके में कल कुख्यात माओवादी माड़वी हिडमा मारा गया उसी इलाके में आज एक और मुठभेड़ हुई है।
इसके साथ ही तेलंगाना पुलिस ने बीजापुर के पामेड़ क्षेत्र में अभियान चलाकर 50 हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए नक्सलियों में संगठन के कई बड़े पदाधिकारी शामिल हैं, जिसमें मुख्य रूप से 3 SZCM सदस्य, 05 DVCM सदस्य, 19 ACM, PPCM और 23 अन्य पार्टी सदस्य शामिल है. ये सभी नक्सली लंबे समय से पामेड़ इलाके में सक्रिय थे। यह वही इलाका है जिसे अब तक हिड़मा का मजबूत गढ़ माना जाता था।
बीजापुर की गिरफ्तारी के बाद आंध्र प्रदेश से भी नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता की खबर आई है। मारेडुमिली जंगलों में सुबह 6:30 से 7 बजे के बीच सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें 7 माओवादी मारे गए।
सूत्रों के मुताबिक, मारे गए माओवादियों में शामिल हैं माओवादी महासचिव टिपरती तिरुपति उर्फ देव जी अल्लूरी–भद्राद्री मंडल सचिव आज़ाद, मेटूरू जोगा राव उर्फ टेक शंकर सहित मौके से 4 पुरुष व 3 महिला नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं सुरक्षाबलों ने 2 एके-47 समेत कुल 8 हथियार भी जब्त किए हैं।मारेडुमिली का वही इलाका एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां कुछ दिन पहले कुख्यात नक्सली हिड़मा मारा गया था। सुरक्षाबलों का ऑपरेशन अभी भी जारी है और मृत माओवादियों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।
Author: cg24x7




