प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली हजारों ग्रामीण परिवारों की तस्वीर

बलरामपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) पूरे प्रदेश में जरूरतमंद और निम्नवर्गीय परिवारों के सपनों को वास्तविक रूप दे रही है। राज्य के विभिन्न जिलों की तरह बलरामपुर जिले से भी इस योजना के सफल क्रियान्वयन की प्रेरक कहानियाँ सामने आ रही हैं। जनपद पंचायत बलरामपुर के ग्राम चंदौरा निवासी श्री शोभित बेक उन लाभार्थियों में शामिल हैं, जिनका जीवन इस योजना के चलते पूरी तरह बदल गया। पहले वे अपने परिवार के साथ मिट्टी के कच्चे घर में रहते थे और सीमित आय के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए असंभव था। कृषि और मजदूरी के सहारे चलने वाली आजीविका के बीच सुरक्षित मकान का सपना अधूरा ही दिखता था।

वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 1 लाख 20 हजार रुपये की स्वीकृत राशि मिलने से उनका सपना साकार हुआ। प्राप्त अनुदान और महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से मिली मजदूरी सहायता से उन्होंने अपने परिवार के लिए मजबूत, सुरक्षित और सुविधाजनक पक्का घर तैयार किया। शोभित बेक का परिवार अब बिना किसी चिंता के सुरक्षित घर में जीवन यापन कर रहा है। वे भावुक होकर कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने मेरा जीवन बदल दिया। अब हमें न बारिश का डर है, न ही किसी असुरक्षा का। यह घर हमारी खुशियों की नई शुरुआत है। राज्यभर में इस योजना ने शोभित बेक जैसे हजारों जरूरतमंद परिवारों के सपनों को पंख दिए हैं। जहां कभी कच्चे मकानों में कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब पक्के घर मिलने से ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज