रायपुर। टी20 विश्व कप के रोमांच के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों के पसंदीदा टूर्नामेंट आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। बीसीसीआई ने आईपीएल का शुरुआती शेड्यूल जारी कर दिया है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। बीते कुछ दिनों से रायपुर में ओपनिंग सेरेमनी होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि रायपुर में मैच अप्रैल के बजाय मई में खेले जाएंगे। कहा जा रहा है कि रायपुर स्टेडियम का रेनोवेशन चल रहा है, इसलिए आईपीएल का आगाज बेंगलुरु से किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने पुष्टि की है कि रायपुर को मैचों के लिए मई की तारीखें मिली हैं। बीसीसीआई ने फिलहाल आईपीएल 2026 के पहले 16 दिनों (20 मैचों) का ही शेड्यूल जारी किया है और बाकी कार्यक्रम बाद में घोषित होगा। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में कुल दो मैच खेले जाने हैं। आरसीबी की टीम मई में ही यहां खेलने आएगी, जिससे दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली का रायपुर आना भी तय हो गया है। संभावना जताई जा रही है कि रायपुर में आरसीबी का रोमांचक मुकाबला मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स या राजस्थान रॉयल्स जैसी बड़ी टीमों से हो सकता है।
शेड्यूल के अनुसार, पहले फेज में 16 दिन में 20 मैच खेले जाएंगे। इनमें 4 डबल हेडर शामिल हैं। 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में अपना पहला मैच खेलेगी। बेंगलुरु की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु डिफेंडिंग चैंपियन है, इसलिए परंपरा के अनुसार टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच, क्वालिफायर 2 और फाइनल मुकाबला उसी के होमग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रखा गया है। आरसीबी ने पिछले सीजन के फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर पहली बार आईपीएल खिताब जीता था। विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में 4 ऐसे प्रमुख स्टेडियम हैं। जहां आईपीएल के मैच होने हैं। तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) चेन्नई सुपर किंग्स का होम ग्राउंड है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में स्थित ईडन गार्डन्स कोलकाता नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान है, जबकि असम के गुवाहाटी में बना बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम राजस्थान रॉयल्स का सेकेंड होम वेन्यू रहा है।
रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का होम ग्राउंड बन चुका है। 11 साल बाद रायपुर में आईपीएल मैचों का आयोजन होने जा रहा है, जिसे देखते हुए स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं को बड़े स्तर पर अपग्रेड किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, खिलाड़ियों के पवेलियन को दिल्ली और मुंबई के स्टेडियम्स की तर्ज पर और अधिक लग्जरी बनाया जाएगा। वीआईपी और प्लैटिनम स्टैंड के पुराने ग्लास भी बदले जाएंगे। आरसीबी मैनेजमेंट महंगे टिकट खरीदने वाले दर्शकों के लिए प्रीमियम व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। इसके अलावा, इस बार सुरक्षा और एंट्री व्यवस्था को पहले से ज्यादा हाईटेक किया जा रहा है। दर्शकों को स्कैनर मशीन के जरिए टिकट स्कैन होने के बाद ही स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि आरसीबी की मैनेजमेंट टीम जल्द ही रायपुर का दौरा करेगी, जिसके बाद स्टेडियम की व्यवस्थाओं और अन्य बदलावों पर विस्तार से चर्चा कर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
Author: cg24x7




