महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को धान से भरे कमरे में पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र के आमगांव में मंगलवार देर शाम हुई इस घटना में बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी फरार है। पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मरार कसहीबाहरा निवासी मालती साहू ने दर्ज रिपोर्ट में बताया है कि कृष्णकांत का जमीन बंटवारे को लेकर परिजनों से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार को कृष्णकांत दुबे और प्रार्थिया आमगांव पहुंचे थे। इस दौरान छोटे भाई दौलत से जमीन बंटवारा की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने एक दूसरे पर हमला बोल दिया। छोटे भाई दौलत के वार से घायल हुए कृष्णकांत को बचाने के लिए प्रार्थिया ने गांव में गुहार लगाई, लेकिन उसके लौटते तक दौलत ने धान की कोठी में बंद कर घायल अवस्था में कृष्णकांत पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग पर काबू पाने दमकल बुलाया गया, लेकिन आग पर काबू पाने तक कृष्णकांत बुरी तरह जल चुका था। और घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक मालती साहू ने पुलिस को बताया कि करीब 10 माह पूर्व कृष्णकांत दुबे से उसका परिचय हुआ था। तब से वह और कृष्णकांत दुबे पति-पत्नी के रूप मे रायपुर में रह रहे थे। वह कुछ दिनों बाद कृष्णकांत से शादी करने वाली थी। प्रार्थिया के अनुसार कृष्णकांत दुबे ने उसे बताया था कि उसकी पैतृक जमीन ग्राम आमगांव में है, जहां उसकी मां तीरथ दुबे एवं छोटा भाई दौलत दुबे रहकर जमीन की देखरेख करते हैं।
Author: cg24x7




