रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र सुबह 11 बजे से शुरू होगा। यह सत्र कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों के कारण पहले से ही चर्चा में है। खासतौर पर महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे विषयों पर सदन में व्यापक बहस होने की संभावना जताई जा रही है। सत्र के दौरान महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गहन चर्चा होने की उम्मीद है।
इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच विचारों का टकराव साफ नजर आ सकता है। साथ ही परिसीमन को लेकर भी सदन में अलग-अलग मत सामने आ सकते हैं। सरकार की ओर से विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी की गई है, जिससे सियासी माहौल और गरमा गया है। इसके जवाब में कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति तैयार कर ली है और पलटवार के संकेत दिए हैं। इस मुद्दे पर सदन में तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगे की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।
पार्टी पूरी तैयारी के साथ सदन में उतरेगी
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बैठक के बाद बताया कि, पार्टी पूरी तैयारी के साथ सदन में उतरेगी और सरकार के हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। कांग्रेस की महिला विधायकों ने भी इस सत्र के लिए खास तैयारी की है। महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर वे मजबूती से अपनी बात रखेंगी और सरकार को घेरने की रणनीति पर काम किया गया है।
Author: cg24x7




