जिला प्रशासन का बड़ा निर्णय: जनपद पंचायत से ही कलेक्टर से जुड़ सकेंगे ग्रामीण, जनदर्शन अब हुआ आसान

Jan Darshan, Villagers, Collector Directly Janpad Panchayat Office, District Administration, Fuel Conservation, Balodabazar,

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अब ग्रामीणों को अपनी शिकायत और समस्याएं लेकर जिला मुख्यालय तक आने की जरूरत नहीं होगी। जिला प्रशासन ने जनसुविधा और ईंधन बचत को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत ग्रामीण अपने क्षेत्र के जनपद पंचायत कार्यालय से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे कलेक्टर से जुड़कर अपनी शिकायत और समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग के निर्देशानुसार जिले में ईंधन के संयमित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने ऑनलाइन बैठकों, कारपूलिंग और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग पर जोर दिया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शासन की मंशानुरूप सभी अधिकारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने कहा है।

प्रशासन द्वारा सरकारी वाहनों के अनावश्यक उपयोग को सीमित करने और अधिकतम कार्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निपटाने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में भी गति बनी रहे। आगामी समय-सीमा बैठक में जिला मुख्यालय स्थित प्रगति कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बलौदाबाजार, जनपद पंचायत सीईओ बलौदाबाजार, तहसीलदार बलौदाबाजार एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी बलौदाबाजार भौतिक रूप से उपस्थित रहेंगे।

वहीं भाटापारा के छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता और कसडोल के जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता अपने-अपने जनपद पंचायत कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा जिले के अन्य एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और मुख्य नगरपालिका अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रीय कार्यालयों से ऑनलाइन बैठक में भाग लेंगे।

इस समाधान शिविरों में जाने के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को पूलिंग वाहन का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे ईंधन की बचत सुनिश्चित की जा सके। इस नई व्यवस्था से जहां प्रशासनिक खर्च में कमी आएगी, वहीं ग्रामीणों को भी अब अपने क्षेत्र से ही जनदर्शन में शामिल होकर सीधे जिला प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज