20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के दिए निर्देश

Nationwide Medicine Trade, Collector Abinash Mishra, Dhamtari, District Administration

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में जिला औषधि विक्रेता संघ द्वारा बुधवार को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद रखा जाएगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सहायक औषधि नियंत्रक को आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता पड़ने पर निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था अथवा अधिकृत मेडिकल स्टोर से संपर्क करें। इसके अतिरिक्त जिले के शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में आकस्मिक चिकित्सा सेवाएँ, इमरजेंसी वार्ड, प्रसूति सेवाएँ एवं आवश्यक उपचार सेवाएँ पूर्ववत संचालित रहेंगी।

जिला प्रशासन द्वारा संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त दवा भंडारण एवं आवश्यक चिकित्सकीय सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पूर्व से ही नियमित उपयोग में आने वाली दवाइयाँ एवं जीवन रक्षक औषधियाँ डॉक्टर की पर्ची के आधार पर समय रहते प्राप्त कर लें।

विशेष रूप से गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएँ तथा बच्चों के उपचार हेतु आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला औषधि विक्रेता संघ एवं समस्त मेडिकल स्टोर्स संचालकों से अपेक्षा की गई है कि वे जनस्वास्थ्य हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने में प्रशासन को सकारात्मक सहयोग प्रदान करें।

 

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज