ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में भीषण बाढ़ से उत्पन्न हालात का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई एवं जमीनी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का विस्तृत निरीक्षण किया, राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में केंद्र तथा राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
केयी पान्योर समेत कई प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वे
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केयी पान्योर जिले सहित कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण किया। हवाई निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ से प्रभावित गांवों, क्षतिग्रस्त सड़कों, नदी के कटाव और अन्य प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
इसके बाद उन्होंने सड़क मार्ग से भी कई गांवों का दौरा किया और राहत शिविरों तथा प्रभावित बस्तियों में पहुंचकर लोगों से सीधे बातचीत की। उन्होंने प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए।
प्रभावित परिवारों से मिलकर बंधाया ढांढस
बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात के दौरान शिवराज सिंह चौहान भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि संकट के समय एक-दूसरे का साथ देना ही सबसे बड़ा मानवीय दायित्व है और दुख साझा करने से उसका बोझ कम होता है।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि वे स्वयं को अकेला न समझें। केंद्र और राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नुकसान का होगा विस्तृत सर्वे, मिलेगा मुआवजा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत सर्वेक्षण कराया जाएगा। जिन लोगों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त या बह गए हैं, उनके लिए नए घरों के निर्माण की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खेतों में हुई फसलों की क्षति, पशुधन की हानि तथा अन्य आर्थिक नुकसान का भी वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा, जिसके आधार पर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही तत्काल राहत के रूप में राशन, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रभावित क्षेत्रों में उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी लगातार कर रहे हैं स्थिति की समीक्षा
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं बाढ़ की स्थिति को लेकर गंभीर हैं और उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न एजेंसियां राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में लगातार जुटी हुई हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
स्थानीय लोगों के सामुदायिक प्रयासों की सराहना
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे सामुदायिक प्रयासों की खुलकर सराहना की। उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और नदी के कटाव को रोकने के लिए बनाई जा रही सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) के निर्माण कार्य में स्वयं भी श्रमदान किया।
उन्होंने कहा कि यह देखकर संतोष होता है कि स्थानीय समुदाय ने सरकारी सहायता का इंतजार किए बिना स्वयं आगे बढ़कर गांवों की सुरक्षा के लिए कार्य शुरू कर दिया है। ऐसी जनभागीदारी किसी भी आपदा से निपटने में सबसे बड़ी ताकत होती है।
उन्होंने कहा कि यदि समाज इसी तरह संगठित और जागरूक होकर कार्य करे तो अनेक कठिन चुनौतियों का समाधान सामूहिक प्रयासों से संभव हो सकता है।
राहत और पुनर्वास में नहीं होगी कोई कमी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि सरकार अपनी जिम्मेदारी पूरी संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ निभाएगी। उन्होंने कहा कि राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं और भविष्य में भी आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।
किरेन रिजिजू बोले— एक रात में 200 मिमी से अधिक बारिश बनी बड़ी वजह
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि इस बार अरुणाचल प्रदेश और असम में अत्यधिक वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। उन्होंने कहा कि एक ही रात में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने के कारण कई इलाकों में भारी तबाही हुई है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से उन्होंने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है। अरुणाचल प्रदेश के निरीक्षण के बाद अब वे असम जाकर वहां की स्थिति का भी जायजा लेंगे।
रिजिजू ने बताया कि बाढ़ के कारण सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचनाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर जनहानि भी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि प्रभावित घरों, कृषि भूमि और अन्य संपत्तियों के नुकसान का आकलन तेजी से किया जा रहा है। साथ ही मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में और अधिक वर्षा की संभावना जताए जाने के कारण प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Author: cg24x7




