बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम भाड़म के खेत में काम करने गए एक ही परिवार के तीन सदस्य करंट की चपेट में आ गए, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई शुक्रवार सुबह अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ उनका बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) भी मौजूद था। खेत में काम के दौरान अचानक तीनों करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
खेत पहुंचते ही उड़ गए होश
देर शाम पति खेत पहुंचा तो सामने था जिंदगी का सबसे दर्दनाक मंजर मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, काम पर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। पहले उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो खेत की ओर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उनके होश उड़ गए। खेत में पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े थे। यह दृश्य देखकर वे बदहवास हो गए और तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू की
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिसघटना की जानकारी मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Author: cg24x7




