नक्सल मुक्त बस्तर में गरिमामय और हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ध्वजारोहण

जगदलपुर, 15 अगस्त 2026। बस्तर की धरती पर देशभक्ति, गौरव और राष्ट्रप्रेम के रंगों के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और परेड का निरीक्षण करते हुए आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली।

समारोह के दौरान पूरे लालबाग मैदान में राष्ट्रभक्ति का वातावरण नजर आया। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश प्रदेशवासियों के नाम वाचन किया।

शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों का किया सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह की परंपरा के अनुरूप उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीद परिवारों और भूतपूर्व सैनिकों से मुलाकात की। उन्होंने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कमिश्नर श्री डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

16 प्लाटूनों ने किया शानदार मार्चपास्ट

स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण भव्य परेड और मार्चपास्ट रहा। परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण भारती तथा परेड टू-आई-सी उप निरीक्षक श्री ओम प्रकाश के नेतृत्व में कुल 16 प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।

शस्त्र सहित दलों की श्रेणी में सीआरपीएफ 241वीं महिला बटालियन, सेड़वा ने प्रथम स्थान हासिल किया। सीआरपीएफ 80वीं पुरुष बटालियन, कैंप जगदलपुर दूसरे स्थान पर रही, जबकि जिला नगर सेना महिला बल, बस्तर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अन्य उत्कृष्ट दलों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

शस्त्र रहित दलों में एनसीसी पीएम श्री सेजेस धरमपुरा प्रथम

शस्त्र रहित दलों की श्रेणी में एनसीसी पीएम श्री सेजेस जूनियर डिवीजन, धरमपुरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीजी कॉलेज, धरमपुरा-02 को द्वितीय और एनसीसी सेजेस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, जूनियर विंग, जगदलपुर को तृतीय स्थान मिला।

इस श्रेणी में शामिल अन्य प्रतिभागी दलों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समारोह में स्कूली विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। विभिन्न विद्यालयों के नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।

माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल, संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर, निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जगदलपुर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तितिरगांव के विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

प्रस्तुतियों के दौरान पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। बच्चों के उत्साह और आकर्षक प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में डिमरापाल की छात्राओं ने मारी बाजी

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल ने प्रथम स्थान हासिल किया। संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर को द्वितीय तथा निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देशभक्ति, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना साफ दिखाई दी।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

जिला स्तरीय मुख्य समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पुलिस एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और आम नागरिक शामिल हुए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, महापौर श्री संजय पाण्डेय और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने समारोह में सहभागिता की।

ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित इस समारोह ने बस्तर में स्वतंत्रता दिवस की भव्यता के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति, शौर्य और सामाजिक एकजुटता की भावना को भी प्रदर्शित किया। ध्वजारोहण, परेड, शहीद परिवारों के सम्मान और विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को गरिमामय और यादगार बना दिया।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love