रायपुर। राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक सप्रे शाला ग्राउंड में आयोजित फुटबॉल चैंपियनशिप लीग 2025–26 का समापन समारोह रविवार को उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न आयु वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समापन समारोह के दौरान वी. एन. मोघे स्मृति अंडर–13 बालक वर्ग, सुधाकर थिटे स्मृति अंडर–15 बालक वर्ग एवं लक्ष्मण जयदेव सतपथी स्मृति अंडर–17 बालक वर्ग की प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कार पाकर खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास झलकता नजर आया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ खेलते हुए न केवल प्रदेश, बल्कि देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच मिलता है, जिससे वे आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि फुटबॉल जैसे खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। नियमित खेल गतिविधियों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित होती है।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त भारत की नींव खेल मैदानों से ही मजबूत होती है और सरकार तथा समाज को मिलकर खेलों को बढ़ावा देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता की संपूर्ण जानकारी साझा की गई। फुटबॉल चैंपियनशिप लीग 2025–26 में रायपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में टीमों ने भाग लिया। कई रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। बच्चों और किशोर खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, रणनीति और अनुशासन का परिचय दिया, जिसकी खेल प्रेमियों ने जमकर सराहना की। समापन समारोह में खेल प्रशिक्षकों, आयोजक समिति के सदस्यों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजकों ने बताया कि, इस तरह के टूर्नामेंट का उद्देश्य निचले स्तर से खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में रायपुर और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी फुटबॉल सहित अन्य खेलों में देश का नाम रोशन करेंगे।
Author: cg24x7



