नये सुरक्षा कैंप कोड़नार में ड्यूटी के दौरान पुलिस के जवान ने खुद को मारी गोली

नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र अंतर्गत थाना कोहकमेटा के नवनिर्मित सुरक्षा कैंप कोड़नार में 25 दिसंबर को ड्यूटी के दौरान एक जवान ने आत्महत्या कर ली है। गोली जवान के सिर के दाहिने हिस्से कनपटी में लगी। मामला कोहकमेटा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। 25 दिसंबर की सुबह कैंप कोड़नार में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 428 पिंगल जुरी जिला बल ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस रायफल से स्वयं को गोली मार ली। गोली लगने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही कैंप में तैनात अन्य जवानों द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। घायल आरक्षक को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल नारायणपुर रवाना किया गया। लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते अस्पताल पहुंचने से पहले ही जवान की मृत्यु हो गई। जवान के शव को पोस्टमॉर्टम उपरांत परिजन को सौंप दिया गया है। नारायणपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

7 दिन पहले बीएसएफ जवान ने किया था सुसाइड

नारायणपुर जिले में सीमा सुरक्षा बल के जवान ने 7 दिन पहले सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लिया था। जवान उत्तरप्रदेश का रहने वाला था। घटना सोनपुर थाना क्षेत्र की थी।

19 दिसंबर को स्थापित किया गया था कैंप

उल्लेखनीय है कि, 19 दिसंबर को कोड़नार क्षेत्र में नवीन सुरक्षा कैंप की स्थापना की गई थी। जिसका उद्देश्य अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना है। ऐसे समय में एक जवान की असामयिक मृत्यु से विभाग को गहरा आघात पहुंचा है।

स्वास्थ्यगत कारणों से की आत्महत्या

प्राथमिक जांच में आत्महत्या का कारण स्वास्थ्यगत समस्या बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल पर पंचनामा, शव परीक्षण सहित अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की रही हैं।

आला अफसर पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस प्रशासन द्वारा दिवंगत जवान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई है।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज