दुर्ग। नए साल 2026 के स्वागत के मद्देनज़र दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि नववर्ष का जश्न शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाया जाए। 31 दिसंबर की रात को लेकर जिले में पूरी पुलिस हाई अलर्ट पर रहेगी। एसएसपी विजय अग्रवाल ने बुधवार शाम पुलिस लाइन से पेट्रोलिंग टीमों को रवाना किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस विभाग ने 600 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए हैं। जिले के प्रमुख चौराहे, बाजार, होटल, रिसॉर्ट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। कुल 72 बीट बनाई गई हैं, ताकि हर क्षेत्र पर बारीकी से नजर रखी जा सके। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 3 विशेष महिला पेट्रोलिंग टीमों को भी मैदान में उतारा गया है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में निगरानी के लिए रक्षा टीम को भी विशेष ड्यूटी पर तैनात किया गया है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि कोलाहल अधिनियम के तहत तेज आवाज में डीजे बजाने, नियमों का उल्लंघन करने और रात में अनावश्यक शोर-शराबा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा स्टंटबाज, तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। ऐसे लोगों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई के साथ-साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है।
31 दिसंबर की रात सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारी (टीआई) अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहेंगे। वरिष्ठ अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग और फील्ड विजिट के माध्यम से हालात की निगरानी करेंगे। पुलिस कंट्रोल रूम भी पूरी रात गतिविधियों पर नजर रखेगा और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का जश्न कानून के दायरे में रहकर मनाएं, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। एसएसपी ने कहा कि दुर्ग जिले में नए साल की रात सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस की टीम कड़ाई के साथ फिल्ड पर मौजूद रहेगी और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस वर्ष पुलिस ने विशेष ध्यान दिया है कि महिला एवं बच्चों की सुरक्षा, भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी, स्टंटिंग और शराबखोरी जैसी असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती बरती जाए। इसके साथ ही हर नागरिक को सुरक्षित और आनंदपूर्ण नववर्ष का अनुभव सुनिश्चित करने के लिए समन्वित कार्यवाही की जाएगी। दुर्ग पुलिस की यह तैयारियां यह संदेश देती हैं कि प्रशासन सुरक्षा और शांति बनाए रखने के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और नववर्ष के जश्न में कोई अनहोनी नहीं होने दी जाएगी।
Author: cg24x7



