रायपुर। छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे-53 के पारागांव के पास तेज रफतार एक ट्रक ने प्लेटिना मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मामला आरंग थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के ये तीन सदस्य सुबह-सुबह महानदी में मछली पकड़ने के लिए प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकले थे। निसदा मोड़ के बाद महानदी पुल की ओर जाते समय महासमुंद दिशा से आ रहे मुरूम से भरे तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों को हाइवा ने दूर तक घसीटा और सड़क पर शव क्षत-विक्षत हो गए। दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर पहुंचे लोगों की रूह कांप उठी।
चालक फरार
हादसे के तुरंत बाद आरोपी हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आरंग पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। शवों के अवशेष एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने घातक हाइवा को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
पूरे इलाके में शोक की लहर
इस खबर के बागेश्वर पारा पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के दो चिराग (पिता और 6 साल का बेटा) सहित तीन सदस्यों के जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग हाईवे पर बार-बार होने वाले ऐसे हादसों को लेकर आक्रोशित हैं।
पुलिस कर रही जांच
आरंग पुलिस ने बताया कि, जांच जारी है। हाइवा की तेज रफ्तार और गलत साइड से आने को मुख्य कारण माना जा रहा है। आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतकों में मंगलू जलक्षत्री (उम्र 28 वर्ष, पिता सनी जलक्षत्री), उनका 6 साल का मासूम बेटा तिलक जलक्षत्री, श्रवण जलक्षत्री ,(उम्र 40 वर्ष, पिता रामानंद जलक्षत्री) शामिल हैं। सभी निवासी आरंग के बागेश्वर पारा के थे।
Author: cg24x7



