कलेक्टोरेट परिसर की मल्टीलेवल पार्किंग में अब लगेगा शुल्क, बीपीओ सेंटर प्रशिक्षार्थी-स्टाफ के लिए नि:शुल्क

रायपुर। शहर के कलेक्टोरेट परिसर के पास रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 26 करोड़ की लागत से नवनिर्मित हाईटेक मल्टीलेवल पार्किंग में गाड़ी पार्क करने पर अब नगर निगम पार्किंग शुल्क वसूलेगा। निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था अब समाप्त कर दी गई है। इस मल्टीलेवल पार्किंग में केवल बीपीओ सेंटर में के कार्य करने वाले स्टाफ और वहां के प्रशिक्षार्थी लिए ही पार्किंग शुल्क निःशुल्क रहेगा।

अपर आयुक्त ने आदेश जारी कर प्रशासनिक व्यवस्था के अंतर्गत कलेक्टोरेट परिसर की मल्टीलेवल पार्किंग में वाहनों से पार्किंग शुल्क वसूली किए जाने नगर निगम के कर्मचारियों की डयूटी लगाई है। राजस्व विभाग के सहायक राजस्व निरीक्षक विनोद महोबिया, कृष्णा टंडन इस दायित्व को अपने मूल कार्यों के साथ संपादित करेंगे।

मल्टीलेवल गाड़ियों की पार्किंग पर शुल्क लेने का निर्णय

दरअसल, पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन काल में रायपुर नगर निगम के कलेक्टोरेट परिसर में निर्मित बहुमंजिला पार्किंग को आम जनता और बीपीओ सेंटर में आने-जाने वाले युवाओं तथा वहां काम करने वाले स्टाफ के लिए पूरी तरह फ्री कर दिया गया था। इससे हाइटेक पार्किंग के मेटनेंस सहित अन्य तरह के कार्यों में दिक्कत आ रही थी, वहीं नगरनिगम को इस मल्टीलेवल पार्किंग से पार्किंग शुल्क के रूप में फूटी कौड़ी का राजस्व नहीं मिल रहा था। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने अब इस मल्टीलेवल पार्किंग में गाड़ियों की पार्किंग पर शुल्क लेने का निर्णय लिया है।

शुल्क की वसूली विभागीय तौर पर आदेशित

इसी तरह शहर के तीन अन्य स्थानों पर विकसित किए गए पार्किंग में भी नगर निगम पार्किंग शुल्क शुरू करने जा रहा है। इनमें गंज मैदान की पार्किंग, गंज बांस टाल और तेलीबांधा तालाब के सामने गाड़ियां पार्क करने पर नगर निगम को पार्किंग शुल्क का भुगतान करना होगा। नगर निगम के अपर आयुक्त बाजार एवं राजस्व कृष्णा खटिक ने आदेश जारी कर राजधानी के कलेक्टोरेट परिसर स्थित हाइटेक मल्टीलेवल पार्किंग और गंज मैदान में वाहन पार्क करने पर पार्किंग शुल्क की वसूली विभागीय तौर पर करने आदेशित किया है। जिसके मुताबिक सहायक राजस्व निरीक्षक ध्रुव तिवारी और कृष्णा टंडन अपने मूल कार्यों के साथ इन दोनों स्थानों पर संचालित पार्किंग में वाहनों से पार्किंग शुल्क की विभागीय रूप से वसूली का जिम्मा संभालेंगे

आदेश तत्काल प्रभावशील

वहीं गंज बांस टाल में संचालित पाकिंग में रखे जाने वाले वाहनों से ध्रुव तिवारी और सुमेश यादव, तेलीबांधा तालाब के सामने संचालित पार्किंग से विनोद महोबिया और ध्रुव तिवारी को पार्किंग शुल्क वसूली का कार्य दिया गया है। आयुक्त विश्वदीप के आदेश पर अपर आयुक्त द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है। दल के सदस्य राजस्व उप निरीक्षक दिलीप बेहरा और आकाश झा होंगे, प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी बाजार व नजूल के निर्देश पर यह कार्य करेंगे। दल को आफसेट दर की जानकारी 15 दिन के अंदर प्रस्तुत करने कहा गया है। साथ ही अग्रिम आदेश तक विभागीय वसूली करना सुनिश्चित करेंगे।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज