रायपुर में खुला अंतरिक्ष केंद्र : सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- छात्र और युवाओं के सपनों को देगा नया आकाश

रायपुर/दिल्ली। नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र के शुभारंभ को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, यह केंद्र छत्तीसगढ़ के युवाओं के सपनों को नया आकाश देने वाला मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने इसे राज्य को भविष्य का स्पेस टेक्नोलॉजी हब बनाने की दिशा में मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया।

भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, यह छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की ठोस नींव है। इस अंतरिक्ष केंद्र के माध्यम से राज्य के छात्र और युवा वैज्ञानिक स्पेस रिसर्च, नवाचार, सिम्युलेशन और अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त करेंगे, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकेंगे।

छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया
उन्होंने ने कहा कि, आज नवा रायपुर में इस सपने का साकार होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच, विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियों और राज्य के समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। इसके लिए उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।

अंतरिक्ष केंद्र नई पीढ़ी की उड़ान की शुरुआत है
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, यह अंतरिक्ष केंद्र नई पीढ़ी की उड़ान की शुरुआत है, जो छत्तीसगढ़ को अंतरिक्ष विज्ञान के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा और राज्य के युवाओं के लिए अनंत संभावनाओं के द्वार खोलेगा। अब छत्तीसगढ़ के युवा भी इसरो, नासा सहित वैश्विक मंचों पर राज्य का नाम रोशन करेंगे। अगस्त 2025 में आंध्र प्रदेश प्रवास के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र का भ्रमण किया था, जहां से उन्हें छत्तीसगढ़ में भी ऐसी ही अत्याधुनिक सुविधा स्थापित करने की प्रेरणा मिली थी।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयास रंग लाए
इसी क्रम में 8 सितम्बर 2025 को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अंतरिक्ष आयोग के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में रायपुर में स्पेस लैब एवं सिम्युलेटर स्थापित करने का आग्रह किया था। साथ ही लोकसभा में नियम 377 के तहत इस महत्वपूर्ण विषय को उठाकर केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। जिसके बाद 18 नवंबर 2025 को अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र के माध्यम से रायपुर में सिम्युलेटर सहित एक अंतरिक्ष प्रयोगशाला स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान करने की जानकारी दी थी।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

विश्व मंच पर चमकी छत्तीसगढ़ की बेटी: कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की वीडियो कॉल पर बात, कहा- “आपने देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया, आने वाली पीढ़ियों के लिए बनीं प्रेरणा”

टॉप स्टोरीज

विश्व मंच पर चमकी छत्तीसगढ़ की बेटी: कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की वीडियो कॉल पर बात, कहा- “आपने देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया, आने वाली पीढ़ियों के लिए बनीं प्रेरणा”