जनता राइस मिल में भीषण आग: धू-धूकर जली चावल,धान, बारदाना सहित अन्य सामग्री

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के हरिनछपरा गांव स्थित जनता राइस मिल में मंगलवार दोपहर शार्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आग लगने से मौके पर ही अफरा- तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर मौजूद कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते पूरा राइस मिल आग की चपेट में आ गया। मिल परिसर में रखे चावल, धान, बारदाना सहित अन्य सामग्री धू-धूकर जलकर खाक हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि, आसपास के लोग पास जाने से भी घबराने लगे। सूचना मिलने के लगभग आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पानी की कमी के कारण कुछ ही मिनटों में वापस लौटना पड़ा। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने खेतों में लगे ट्यूबवेल की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। घटना के कई घंटे बाद अतिरिक्त पानी के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ियां दोबारा मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। हालांकि तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

राइस मिल के मालिक बिलाल गांधी ने बताया कि, आग करीब 11 बजे लगी थी, लेकिन समय पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच सकी। उनका आरोप है कि, शुरुआती स्तर पर पर्याप्त संसाधनों के साथ राहत कार्य शुरू किया जाता तो नुकसान कम हो सकता था। प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज