अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित राम मंदिर के पास एक प्लास्टिक और पटाखा गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग बेकाबू हो गई और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में रखे पटाखों में लगातार हो रहे धमाकों के कारण आग तेजी से फैलती गई। धमाकों की आवाज और धुएं के गुबार से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर जुटी हैं। इसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिग्रेड की टीम पहुंची। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, वहीं SDRF की टीम को भी रेस्क्यू में लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर, एसपी समेत जिले के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं वहीं मंत्री राजेश अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घनी आबादी वाले इस इलाके में आग के फैलने का खतरा बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी जा रही है।
राहत, बचाव कार्य जारी
आग में पूरी बिल्डिंग जलकर खाक हो चुकी है और करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अब तक किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती इस आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकना है। फिलहाल, आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं और हालात पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
Author: cg24x7




