कुएं में गिरकर मादा तेंदुए और शावक की मौत, जानिए कैसे हुए खुलासा

कांकेर। कांकेर जिले के विकासखण्ड नरहरपुर से लगभग 11 किलोमीटर दूर ग्राम बनसागर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मादा तेंदुआ और उसके शावक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। यह घटना तब उजागर हुई जब गांव में स्थित एक घर की बाड़ी में बने कुएं से तेज बदबू आने लगी।

बनसागर के ग्रामीणों ने जब बदबू के कारण कुएं के पास जाकर देखा तो अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। कुएं में एक मादा तेंदुआ और उसका छोटा शावक मृत अवस्था में पड़े थे। बताया जा रहा है कि यह कुआं गांव के निवासी कन्नू कुंजाम पिता लक्ष्मण कुंजाम के घर की बाड़ी में बना हुआ है। कुएं में पर्याप्त मात्रा में पानी भरा हुआ था, जिससे दोनों जानवर बाहर नहीं निकल पाए और उनकी डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को जानकारी दिया।

जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद शवों को आगे की कार्रवाई के लिए नरहरपुर लाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। आशंका जताई जा रही है कि रात के समय पानी पीने या शिकार के दौरान तेंदुआ और उसका शावक कुएं में गिर गए होंगे। कुएं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था या जाली नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं होने की संभावना बनी रहती है। इस घटना ने वन्यजीव संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग किया है कि इस क्षेत्र में खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच कर रहा है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

cg24x7
Author: cg24x7

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज