रायपुर। भीषण गर्मी के दिनों में भी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जा रहा है। यही नहीं, कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ता को इसकी सूचना तक नहीं दी जा रही है, जिसके कारण उन घरों में रहने वाले परिवारों को इस भीषण गर्मी में बिना बिजली के दिन और रात गुजारनी पड़ रही है। कई परिवार को बिजली काटे जाने की सूचना तब मिलती है, जब वे विद्युत केंद्र में बिजली बंद होने की सूचना देते हैं। इसकी जानकारी मिलने पर लोग पैसों का जुगाड़ कर भीषण गर्मी में विद्युत केंद्र पहुंचकर बिल का भुगतान कर रहे हैं। ऐसे ही मामले राजधानी रायपुर के पंचशील नगर के सामने आए हैं। यहां दो घरों का विद्युत कर्मियों ने दो महीने का बिल का भुगतान नहीं करने पर उनका कनेक्शन काट दिया।
प्रदेश में लंबित बिजली बिल के भुगतान की समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत बीपीएल, अशासकीय घरेलू एवं अशासकीय कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बकाया राशि में विशेष छूट प्रदान की जा रही है, वहीं दूसरी ओर दो माह का बिल का भुगतान नहीं होने पर विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को सूचना दिए बगैर उनके घर की बिजली काटकर भीषण गर्मी में उन्हे परेशान किया जा रहा है।
केस – 1
पंचशील नगर निवासी गजेंद्र नायक ने बताया कि, उसके घर का दो महीने का 1500 रुपए बिल आया है, जिसे वह आर्थिक परेशानी के कारण पटा नहीं पाए। सोमवार को अचानक सुबह उनके घर का विद्युत कनेक्शन विद्युत कर्मी काट कर चले गए। कनेक्शन काटने से भी उसके परिवार के किसी भी सदस्य को सूचना तक नहीं दी गई। बिजली बंद हुए कई घंटे होने के बाद भी जब चालू नहीं हुई, तो उनके द्वारा विद्युत शिकायत केंद्र के नंबर पर कॉल किया, तब इसकी जानकारी उन्हें दी गई। पैसों का जुगाड़ करने में कुछ घंटे लग गए। तब तक इस भीषण गर्मी में उसके पूरे परिवार को घर में गर्मी से परेशान होना पड़ा।
केस- 2
पंचशील नगर निवासी एक युवती ने बताया कि उसके घर का मीटर उसकी मां ललिता के नाम पर है। उसके घर का 1100 बिजली बिल आया है। बिल पटाने की अंतिम तारीख निकल गई है, जिसके कारण विद्युत विभाग वाले घर का कनेक्शन शनिवार को बिना सूचना दिए काटकर चले गए। उसने बताया कि उसके परिवार के प्रमुख सदस्य शादी में बाहर गए हुए थे, वापस आने पर उनके द्वारा बिल का भुगतान किया जाता, लेकिन इससे पहले ही कनेक्शन काट दिया गया। इस कारण से दो दिन तक बिजली के बिना ही अन्य सदस्यों को रहना पड़ा।
Author: cg24x7




