धमतरी। वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए गंगरेल जलाशय और जिले के अन्य बोटिंग प्वाइंट्स पर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर सभी प्रमुख स्थलों पर नगर सैनिकों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बोटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी पर्यटकों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही नाव या क्रूज में तय क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। बोट संचालकों को नियमित रूप से अपने उपकरणों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कलेक्टर ने पर्यटकों से की अपील
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए रेस्क्यू टीम, गोताखोर और स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट पर रखी गई हैं। प्रमुख बोटिंग प्वाइंट्स पर फर्स्ट एड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, वहीं कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी भी की जा रही है। कलेक्टर ने पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें। प्रशासन का उद्देश्य सभी को सुरक्षित और सुखद पर्यटन अनुभव देना है, जिसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Author: cg24x7




